बड़खल मेट्रो स्टेशन के पास हुई घटना, एक ही बाइक पर सवार थे तीनों
युवती दिल्ली की थी रहने वाली, जन्म दिन मनाने आयी थी फरीदाबाद
मृतकों की पहचान हाथरस यूपी निवासी विशाल व दिल्ली निवासी मोहिनी के रूप् में हुई
15 दिन पहले ही विशाल ने खरीदी थी अपाचे बाइक, अभी नहीं मिला था रजिस्ट्रेशन नंबर
NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रही युवती और उसके दोस्त की गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नैशनल हाइवे पर बड़खल मेट्रो स्टेशन के पास रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। मृतकों की पहचान यूपी के हाथरस जिले के लहरा गांव निवासी 24 वर्षीय विशाल और दिल्ली के संगम विहार, एकता चौक निवासी 22 वर्षीय मोहिनी के रूप में हुई है। घायल युवक अभिषेक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार मोहिनी का गुरुवार को जन्मदिन था और वह अपने दोस्त विशाल के साथ फरीदाबाद बर्थडे मनाने आई थी। पार्टी में विशाल का दोस्त अभिषेक भी शामिल था। देर रात पार्टी खत्म होने के बाद तीनों अपाचे बाइक पर दिल्ली लौट रहे थे। बाइक अभिषेक चला रहा था, जबकि पीछे विशाल और मोहिनी बैठे हुए थे। इसी दौरान बड़खल मेट्रो स्टेशन के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस ओवर स्पीड की बात कह रही
परिजनों का आरोप है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में हादसे की वजह ओवरस्पीड बता रही है। जांच अधिकारी यूनिस खान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मृतक की पत्नी 8 माह की गर्भवती
मृतक विशाल एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। विशाल के मामा धर्म सिंह ने बताया कि उसकी शादी चार साल पहले हुई थी और उसका एक चार साल का बेटा है। उसकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती है। परिजनों ने बताया कि विशाल ने करीब 15 दिन पहले ही नई बाइक खरीदी थी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर भी अभी नहीं आया था। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात करीब 11 बजे जब पत्नी प्रिया ने विशाल को फोन किया ताे फोन पुलिसकर्मी ने अटेंड किया। पूछने पर पुलिसकर्मी ने एक्सीडेंट की सूचना दी। इसके बाद परिजन बीके अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें विशाल और युवती मोहिनी के मौत की खबर मिली। हादसे के वक्त विशाल और मोहिनी हेलमेट भी नहीं पहने थे। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
युवती की चल रही थी शादी की तैयारी
मरने वाली युवती के पिता राजू ने बताया कि उनके तीन संतान हैं। दो बेटी और एक बेटा। सबसे बड़ी बेटी मोहिनी अभी अविवाहित थी। उसकी शादी की तैयारी चल रही थी। लड़का भी देख रखा था। घर में शादी के लिए पैसों की व्यवस्था की जा रही थी। पहले वह नौकरी करती थी लेकिन करीब छह महीने से वह नौकरी नहीं कर रही थी।


