n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
सेक्टर-45 स्थित एक सोसायटी में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस चौकी सेक्टर-46 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून की रात सेक्टर-45 की एक सोसायटी में सीमा नाम की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के पिता अजीत सिंह ने बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया। उनकी शिकायत पर थाना सूरजकुंड में मृतका के पति, सास, ससुर और ताऊ ससुर के खिलाफ दहेज हत्या और साजिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस चौकी सेक्टर-46 की टीम ने मुख्य आरोपी पति प्रवीण, निवासी रिबड (पलवल) और वर्तमान निवासी सेक्टर-45 को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


