n NBT न्यूज, पलवल
लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर का एक दृश्य सोमवार को हर किसी को भावुक कर गया। करीब 80 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला कांपते हाथ जोड़कर जिला प्रशासन के सामने अपनी पीड़ा सुनाने की कोशिश करती रही, लेकिन उसकी आवाज भीड़ और सरकारी प्रक्रिया के शोर में कहीं दबती नजर आई। बुजुर्ग महिला बार-बार साहब...साहब...कहकर डीसी का ध्यान खींचने का प्रयास करती रही। आंसू बह रहे थे और चेहरे पर बेबसी दिख रही थी। उसका कहना था कि उसके बच्चे प्रताड़ित करते हैं, खाना नहीं देते और सुध लेने वाला कोई नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब महिला अपनी व्यथा सुनाने के लिए आगे बढ़ी तो डीसी अन्य अधिकारियों के साथ बातचीत में व्यस्त रहे। बुजुर्ग महिला अपनी बात रखने के लिए लगातार गुहार लगाती रही, लेकिन पूरी तरह सुनी नहीं जा सकी। बाद में एक पुलिसकर्मी ने उसे संभालते हुए कुर्सी पर बैठा दिया।
दूसरी बार लेकर पहुंची अपनी पीड़ा : सबसे अहम बात यह रही कि यह महिला पहली बार नहीं, बल्कि दूसरी बार समाधान शिविर में पहुंची थी। पिछले सप्ताह भी वह इसी उम्मीद के साथ आई थी कि शायद प्रशासन उसकी परेशानी सुनेगा और उसे राहत मिलेगी। वहीं जांच शाखा की तरफ से बताया गया है कि महिला का केस एसडीएम कोर्ट में केस चल रहा है।

