n टीम NBT, नोएडा/ग्रेनो
उत्तर प्रदेश पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा सोमवार को जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता इंतजामों के बीच शुरू हुई। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई। दो पालियों में आयोजित इस महा-परीक्षा के पहले दिन हजारों अभ्यर्थियों ने अपने भविष्य के लिए किस्मत आजमाई।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि सोमवार को दोनों पालियों में कुल 14,016 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें से 9,716 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 4,300 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली (सुबह 10 से 12 बजे) में कुल 7,008 परीक्षार्थियों में से 4,789 उपस्थित रहे और 2,219 अनुपस्थित पाए गए। वहीं, दूसरी पाली (दोपहर 3 से 5 बजे) में भी 7,008 में से 4,927 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,081 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। डीसीपी हेडक्वार्टर रविशंकर निम ने बताया कि सभी केंद्रों पर कुल 583 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। सुरक्षा व्यवस्था की कमान डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने संभाली, जिन्होंने लगातार केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से प्रत्येक सेंटर पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी गई। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और बायोमेट्रिक सत्यापन व पहचान पत्रों की गहन जांच के बाद ही उन्हें भीतर जाने दिया गया।
संतुलित रहा प्रश्नपत्र : सेक्टर-62 आईओएन डिजिटल जोन, सेक्टर-39 पीजी कॉलेज और कासना स्थित अमीचंद इंटर कॉलेज जैसे केंद्रों पर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह दिखा। आगरा, हाथरस और मथुरा जैसे विभिन्न जिलों से आए परीक्षार्थियों ने पेपर को अपेक्षाकृत आसान और संतुलित बताया। परीक्षार्थी राकेश के अनुसार, सामान्य ज्ञान, गणित, तार्किक क्षमता और हिंदी से जुड़े प्रश्न संतुलित स्तर के थे। सामान्य ज्ञान खंड में कुछ प्रश्न कठिन थे जिनके लिए गहन अध्ययन की आवश्यकता थी, लेकिन समय प्रबंधन के साथ अधिकांश प्रश्न हल किए जा सके। सुरक्षा की सख्ती पर भी छात्रों ने संतोष जताया और कहा कि इससे निष्पक्ष चयन की उम्मीद बढ़ी है। यह परीक्षा आगे भी जारी रहेगी।


