n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : कविनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति से कारोबार में निवेश कराने और एजेंसी दिलाने का झांसा देकर करीब 16 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। शिकायत में कविनगर के आई-ब्लॉक निवासी रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि कविनगर ई-ब्लॉक में रहने वाले विनोद कुमार गुप्ता और उनके बेटे रचित गुप्ता जुलाई 2024 में उनके संपर्क में आए थे। दोनों ने खुद को बिजली के केबल के होलसेल कारोबार और बिजली विभाग व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से जुड़े कामों का ठेकेदार बताया। इसके बाद उन्होंने कहा कि उन्हें नए टेंडर मिले हैं, जिसमें उन्हें एक साल के लिए कुछ रकम की जरूरत है। रवि प्रकाश का कहना है कि उन दोनों की बातों में आकर उन्होंने 29 जुलाई 2024 को 7 लाख 90 हजार रुपये और एक अगस्त 2024 को 9 लाख रुपये चेक के माध्यम से दे दिए। लगातार दबाव बनाने पर दोनों ने रुपये वापस करने से इन्कार कर दिया और धमकी देने लगे।

