n NBT रिपोर्ट, पटौदी
शहर चौकी एरिया में चेतक वेयरहाउस के पास कूरियर कंपनी के एरिया मैनेजर को बिना नंबर की थार में सवार तीन आरोपियों ने पीटा, जान से मारने की धमकी भी दी। गोरखपुर के गांव-पथरा के संजीव कुशवाहा ने बताया कि वे पटौदी में एक कूरियर कंपनी में एरिया मैनेजर हैं और रवि राव रामजीवन विहार में किराये पर रहते हैं। मंगलवार शाम बाइक पर ड्यूटी के बाद लौट रहे थे। चेतक वेयरहाउस के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की थार आई।
आराेप है कि थार चालक ने पहले उन्हें साइड नहीं दी और उनके आगे-आगे गाड़ी चलाने लगा। इसके बाद आरोपियों ने संजीव की बाइक को रुकवा लिया। गाड़ी से उतर तीनों ने संजीव से गाली गलौज करते हुए मारपीट की। बुरी तरह जख्मी किया और जाते-जाते दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। संजीव को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को जांच अधिकारी ASI महेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर से पीड़ित के बयान देने के योग्य होने का प्रमाण पत्र लिया, तब संजीव ने तुरंत बयान दर्ज नहीं कराया। हालांकि गुरुवार को खुद पटौदी शहर चौकी आकर शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के साथ मिलकर घटनास्थल का मुआयना किया गया है। आरोपियों का पता लगाने के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


