n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : जिन बसाें को गाजियाबाद रीजन में परिवहन विभाग के अधिकारी नहीं चला पाए, आखिरकार एक-एक करके यह सारी बसें नोएडा भेज दी गई हैं। बता दें कि बीते शुक्रवार को नोएडा में सिटी बस सर्विस की शुरुआत की गई थी। सर्विस के उद्घाटन वाले दिन ही गाजियाबाद से 10 ई-बसों को नोएडा भेजा गया था। वहीं, अब रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के पूरा होने के बाद साहिबाबाद डिपो पर खड़ी बाकी 28 ई-बसों को भी नोएडा भेज दिया गया है। इसके बाद साहिबाबाद डिपो पूरी तरह से खाली हो चुका है।
परिवहन विभाग के अधिकारी इस इंतजार में हैं कि नोएडा भेजी गईं 10 ई-बसों कब वापस आएंगी और उन्हें उनके पुराने रूट नजीबाबाद, मथुरा और देहरादून के लिए चलाया जा सकेगा। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि अभी कई सिटी बसें और परिवहन विभाग की ई-बसें भी आगामी 2 साल में आएंगी। ऐसे में गाजियाबाद के लोगों को चिंता करने जरूरत नहीं है। वर्तमान समय में नोएडा को ही सबसे अधिक ई बसों की जरूरत थी। इसलिए मुख्यालय से आए आदेश के बाद ही इन सभी ई-बसों को नोएडा भेज दिया गया है।


