n NBT न्यूज, नोएडा : बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जल्द ही गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन ऑपरेशन (सी-सेक्शन) की सुविधा मिलेगी। नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि केंद्र पर एनेस्थेटिस्ट और आवश्यक संसाधन होने के बावजूद ऑपरेशन नहीं किए जा रहे थे, जिससे मरीजों को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ता था।
सीएमओ ने केंद्र प्रभारी को तत्काल सेवा शुरू करने के निर्देश दिए हैं ताकि स्थानीय स्तर पर ही जटिल प्रसव मामलों का निस्तारण हो सके। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों की समीक्षा चरणबद्ध तरीके से की जा रही है और जहां भी संसाधनों की कमी मिलेगी, उसे दूर करने के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा। इस पहल से क्षेत्र की ग्रामीण और शहरी महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।


