कंगन चोरी करने के लिए दोस्त की हत्या की थी, पहचान छुपाने को जलाया शव

नवभारतटाइम्स.कॉम

ग्रेटर नोएडा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नशे के आदी दोस्त ने कंगन चुराने के आरोप में अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाने की कोशिश की ताकि उसकी पहचान न हो सके।

friend murdered for stealing bangles body burnt to hide identity

n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

चीरसी गांव के पास नहर किनारे मिले जले शव के मामले का कासना कोतवाली पुलिस ने सोमवार को खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया ख़ून से सना डंडा, तीन सोने के कंगन और एक बाइक बरामद की है। नशे का आदी मृतक ने अपने मां के सोने के कंगन चोरी किए थे। भनक लगने पर उसके ही दोस्त ने कंगन को बिकवाने का झांसा दिया और नशा करने के बाद उसकी हत्या कर दी।

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि 12 जून को चीरसी गांव के पास स्थित नहर किनारे दौला राजपुर गांव निवासी 23 वर्षीय हुजैफ पुत्र मुज्जमिल का शव मिला था। घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य के जरिए शहजाद उर्फ बिट्टू पुत्र तरीकत को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि मृतक हुजैफ और आरोपी शहजाद एक ही गांव के रहने वाले है और अच्छे दोस्त थे। दोनों ही नशा (टेबलैट व अन्य) करने के आदी थे। हुजैफ नया फोन खरीदने और एसी का कार्य करने के लिए अपने परिजनों से पैसे मांग रहा था। उसके नशे की आदत को देखते हुए परिजनों ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बीच हुजैफ ने मौका पाकर अपने घर से मां के चार कंगन चोरी कर लिए। जिन्हें बेचने के लिए मृतक ने अपने साथियों से संपर्क किया। शहजाद ने हुजैफ को कंगन बिकवाने का झांसा दिया और बाइक पर अपने साथ ले गया। पहले दोनों ने नशा किया। शहजाद सुनसान स्थान तलाशता हुआ उसे नहर के किनारे ले गया। जहां उसने मौका पाकर हुजैफ के सिर पर डंडे मार दिया। लहूलुहान हालत में वह जमीन पर जा गिरा। उसके बाद शहजाद ने उसके सिर पर डंडे से कई वार किए और उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह मौके से भाग खड़ा हुआ। कुछ दूर जाने के बाद वापस लौटा और शव की पहचान मिटाने के लिए अपनी बाइक से पेट्रोल निकाला। उसके बाद शव पर छिड़क दिया और उसमें आग लगा दी। आग की ऊंची लपटें उठने पर शहजाद को आशंका हुई कि गांव के लोग मौके पर आ सकते हैं। वह शव को नहर में फेंकने से पहले ही मौके से फरार हो गया।

रेकमेंडेड खबरें