NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : मई में गोल्ड इंपोर्ट सालभर पहले के इसी महीने के मुकाबले 34% अधिक रहा, लेकिन अप्रैल के मुकाबले इसमें कमी आई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया कि सोने का आयात अप्रैल के 5.63 बिलियन डॉलर से 39.3% घटकर मई में 3.42 बिलियन डॉलर पर आ गया। सिल्वर इंपोर्ट भी घटा। केंद्र ने 12 मई को सोने-चांदी पर आयात शुल्क 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया था।
सालभर पहले मई में 2.55 बिलियन डॉलर का गोल्ड इंपोर्ट हुआ था। पिछले वित्त वर्ष के अप्रैल-मई में 5.65 बिलियन डॉलर से 60.1% बढ़कर इस वित्त वर्ष में गोल्ड इंपोर्ट 9.04 बिलियन डॉलर का रहा। वहीं, चांदी का आयात अप्रैल के 41.1 करोड़ डॉलर से 81.6% घटकर मई में 7.6 करोड़ डॉलर का रहा। सालभर पहले से भी आयात मई में 86.7% घटा। मई में देश के कुल आयात में सोने का हिस्सा 6.2% और चांदी का 0.3% रहा।
6 महीने के हाई पर एक्सपोर्ट
ओवरऑल मई में देश से वस्तुओं का निर्यात सालभर पहले से 18% बढ़कर 45.2 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया, जो इसका 6 महीनों का ऊंचा स्तर है। व्यापार घाटा सालभर पहले के 21.88 बिलियन डॉलर से बढ़कर 28.21 बिलियन डॉलर पर रहा क्योंकि आयात में 20% की वृद्धि हुई। मई में आयात 20.62% बढ़कर 73.41 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया, जो इसका 3 महीनों का ऊंचा स्तर है। हालांकि अप्रैल के 28.38 बिलियन डॉलर के मुकाबले मई में व्यापार घाटा कम रहा।
अगले हफ्ते US से ट्रेड वार्ता
कॉमर्स सेक्रेटरी राजेश अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि यूएस ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जेमिसन ग्रीयर अगले हफ्ते भारत आएंगे। अंतरिम व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से 23 और 24 जून को बातचीत होगी।


