n NBT रिपोर्ट, नोएडा
नोएडा अथॉरिटी की अगुवाई में शुरू हुई ई-बस सेवा की रियल टाइम लोकेशन भी ट्रैक की जाएगी। ताकि यह पता रहे कि बस कहां है और यात्रियों को समय पर क्यों नहीं मिल रही है। साथ ही सोमवार को अथॉरिटी ने मामूली संशोधन के बाद नए सिरे से ईबसों के रूट जारी किए हैं। इनमें लॉन्ग रूट को तो पहले की तरह ही रखा गया है लेकिन बीच में कुछ नए स्टॉपेज हटाने व बढ़ाने का काम किया गया है। जिसके बाद यह रूट नए सिरे से जारी किए गए हैं। 12 जून से ई बस सेवा शुरू हो गई थी और सोमवार से 100 ई बसें सड़कों पर उतरने का दावा नोएडा अथॉरिटी व यूपीएसआरटीसी की ओर से किया जा रहा है।
सिटी बस सेवा को बेहतर बनाने के लिए 30 सदस्यीय टीम गठित : ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा को आमजन के लिए अधिक उपयोगी और सफल बनाने के उद्देश्य से प्राधिकरण ने 30 लोगों की टीम गठित की है। टीम ने सोमवार से विभिन्न क्षेत्रों का सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। करीब 15 दिनों तक चलने वाले इस सर्वे में उन इलाकों की पहचान की जाएगी, जहां यात्रियों की संख्या अधिक मिलने की संभावना है। इसके आधार पर नए आंतरिक रूट तय किए जाएंगे। प्राधिकरण 25 इलेक्ट्रिक बसों को जीपीएस से लैस करने की तैयारी कर रहा है, जिससे अधिकारी कार्यालय में बैठकर उनकी निगरानी कर सकेंगे।वरिष्ठ अधिकारी बसों में सफर कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे।


