n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों को अब मोबाइल आधारित ऑनलाइन उपस्थिति (AMS) की व्यवस्था फिलहाल लागू नहीं होगी। संविदा कर्मचारियों की इस मांग को लेकर यूपी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने सोमवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर प्रदर्शन किया।
डिप्टी सीएम ने कर्मचारियों को बुलाकर उनसे वार्ता की और उसके बाद प्रमुख सचिव अमित घोष के साथ बैठक कर इस मामले को स्थगित करने का निर्देश दिया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कर्मचारियों की बाकी मांगों पर भी विचार कर समाधान का भरोसा दिलाया। यूपी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की अगुआई में सोमवार को प्रदेशभर से संविदा कर्मचारी लखनऊ पहुंचे। संघ के अध्यक्ष मयंक प्रताप के मुताबिक इस दौरान उनके सामने कई वर्षों से लंबित 6 प्रमुख मांगों को रखा गया। डिप्टी सीएम से मिले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष मयंक प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती, उपाध्यक्ष राम प्रताप सिंह, प्रवक्ता मनोज कुमार, जिला अध्यक्ष शाहजहांपुर अजीत सिंह, कुशीनगर अध्यक्ष सत्येंद्र पांडेय उपस्थित रहे।


