n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्धनगर के राज्य कर विभाग में तैनात उपायुक्त वेद प्रकाश सिंह की पत्नी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर विभागीय उच्च अधिकारी पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। शोभिता सिंह का दावा है कि उनके पति को नवंबर 2025 से अपमानित किया जा रहा था, जिससे वे गहरे अवसाद का शिकार हो गए। पत्र के अनुसार, अत्यधिक मानसिक दबाव के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि वे 31 दिसंबर 2025 को ड्यूटी पर लौटे, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला नहीं थमा। आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारी ने फिटनेस प्रमाणपत्र दिखाने पर भी अपमानजनक टिप्पणियां कीं और पदोन्नति रोकने की धमकी दी। स्थिति तब और बिगड़ गई जब 12 जून 2026 को वेद प्रकाश सिंह की तबीयत खराब हुई और उन्हें नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। चिकित्सकों ने इसे मानसिक आघात और गहरा अवसाद बताया है। शोभिता सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पति आरोपी अधिकारी के नाम मात्र से भयभीत हो जाते हैं। 14 जून को घर पहुंचे सहकर्मियों से भी वे मिलने की स्थिति में नहीं थे। फिलहाल विभाग ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, जबकि यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


