NBT रिपोर्ट, मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। अमेरिका और ईरान के बीच 107 दिनों से चल रही जंग को खत्म करने के लिए हुए समझौते और कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट की वजह से बाजार झूम उठा। ब्रेंट क्रूड 5% गिरकर 82.90 डॉलर के करीब पहुंच गया, जो 3 महीने का निचला स्तर है।
सेंसेक्स 736.38 अंक (0.97%) की बढ़त के साथ 76,264.33 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय तो यह 1,293.12 अंक (1.71%) तक उछलकर 76,821.07 के स्तर पर पहुंच गया था। वहीं, निफ्टी 231 अंक (0.98%) की मजबूती के साथ 23,853.90 पर बंद हुआ। दिन के दौरान निफ्टी ने 24,011.40 का ऊपरी स्तर भी छुआ। इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार में बड़ी तेजी देखी गई थी, जब सेंसेक्स 1,695 अंक और निफ्टी 461 अंक उछला था।


