n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
सेक्टर-3 में पीने के पानी की पाइपलाइन फटने का सिलसिला थम नहीं रहा है, जिससे हजारों परिवारों को भीषण गर्मी में जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को सेक्टर के डी-ब्लॉक में मुख्य पाइपलाइन दोबारा फट गई, जिससे जलापूर्ति ठप रही। निवासियों का आरोप है कि पाइपलाइन दशकों पुरानी हो चुकी है, जो पानी के तेज प्रेशर को झेलने में सक्षम नहीं है।
स्थानीय निवासी देवराज तिवारी और नीलम यादव ने बताया कि रविवार शाम को लाइन फटी थी, जिसे प्राधिकरण ने कई घंटों की मशक्कत के बाद ठीक किया। लेकिन सोमवार को उसी स्थान पर गड्ढा भरने के दौरान लाइन फिर से टूट गई। पिछले चार दिनों के भीतर एक ही स्थान पर यह तीसरी बड़ी घटना है। निवासियों का कहना है कि वे सालों से नई पाइपलाइन डालने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण केवल टेंडर प्रक्रिया का आश्वासन देकर मामले को टाल रहा है।
मामले पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के सीनियर मैनेजर विनोद शर्मा ने बताया कि संबंधित 100 मीटर के हिस्से में बार-बार फॉल्ट हो रहा है। विभाग ने इस समस्या को गंभीरता से लिया है और जल्द ही इस जर्जर हिस्से को बदलने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, पूरे सेक्टर के पाइपलाइन नेटवर्क को अपग्रेड करने की योजना पर भी कार्य चल रहा है।


