n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जब पूरा देश योग की शक्ति का उत्सव मना रहा है, तब ग्रेटर नोएडा में भारतीय योग संस्थान की 26 वर्षों की यात्रा समाज सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है। अल्फा-1 सेक्टर के एक छोटे से पार्क में दो-चार लोगों के साथ शुरू हुई यह पहल आज हजारों लोगों के जीवन को स्वस्थ और सकारात्मक दिशा दे रही है।
करीब 26 वर्ष पहले शुरू हुई इस मुहिम का उद्देश्य केवल योग सिखाना नहीं था, बल्कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और मानसिक शांति से जोड़ना था। समय के साथ यह प्रयास एक जन-आंदोलन का रूप लेता गया। आज शहर के विभिन्न पार्कों, सोसायटियों और सामुदायिक केंद्रों में नियमित योग कक्षाएं संचालित हो रही हैं, जहां हर सुबह योग, प्राणायाम और ध्यान के साथ दिन की शुरुआत होती है। संस्थान की गतिविधियों का संचालन जिला प्रधान सीमा गुप्ता, बलजीत नागर और जितेंद्र भाटी के नेतृत्व में किया जा रहा है। इनके मार्गदर्शन में शहर के करीब 2 हजार साधक नियमित रूप से योग अभ्यास कर रहे हैं। संस्थान की विशेषता यह है कि यहां उम्र कोई बाधा नहीं है। किशोरों से लेकर 88 वर्ष तक के बुजुर्ग भी योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे हैं।


