n NBT न्यूज, गुड़गांव
NEET के निष्पक्ष आयोजन करने के लिए जिले में परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं, परीक्षार्थियों के प्रवेश, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मॉक ड्रिल का उद्देश्य परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तकनीकी समस्या से बचने का रहा। जानकारी के अनुसार मॉक ड्रिल तीन चरणों में आयोजित की गई। इसमें परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। ड्यूटी पर लगाए गए स्टाफ को परिक्षार्थियों की पहचान, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और सुरक्षा मानकों को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। मॉक ड्रिल के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों की तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों का आकलन किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान पारदर्शिता के लिए सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।



