NBT न्यूज, चंडीगढ़
नीट-यूजी पुन परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हरियाणा में रविवार को 19 जिलों में नीट की पुन:परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश में 175 परीक्षा केंद्रों में करीब 65 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। हरियाणा में गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, झज्जर, रोहतक, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, रेवाड़ी, जींद, नूंह, भिवानी, पलवल, सिरसा एवं महेंद्रगढ़ समेत 19 जिलों में किया जाएगा। NEET-UG री-एग्जाम से पहले नैशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शनिवार कई शहरों में मॉक ड्रिल कर व्यवस्था का जायजा लिया।
एग्जाम को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और सेंटरीय एजेंसियों के साथ मिलकर मल्टी लेयर सिक्युरिटी तैयार की गई है। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने शनिवार को प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों से तैयारियों के संबंध में रिपोर्ट ली।
हरियाणा रोडवेज की तरफ से विभिन्न बस अड्डों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। राज्य सरकार परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त यात्रा का ऐलान कर चुकी है। रेलवे की तरफ से भी हरियाणा में विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों की नियमित निगरानी, औचक निरीक्षण ी सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।


