अलीगंज में पांच महीने से बंद नलकूप, पानी को तरसे लोग

नवभारतटाइम्स.कॉम
aliganjs tube well closed for five months people thirsty for water in scorching heat roads also not repaired

n NBT न्यूज, लखनऊ: अलीगंज के बनारसी टोला में जलकल विभाग की ओर से लगाया गया नलकूप पिछले पांच महीने से बंद पड़ा है। भीषण गर्मी के बीच इलाके के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। वहीं, पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें और गलियां बिना मरम्मत के छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

स्थानीय निवासी रेहान के मुताबिक जल संकट दूर करने के लिए करीब पांच महीने पहले नलकूप लगाया गया था। आसपास के घरों तक पानी पहुंचाने के लिए भूमिगत पाइपलाइन भी बिछाई गई, लेकिन नलकूप आज तक चालू नहीं हो सका। आरोप है कि पाइपलाइन डालने के बाद खोदी गई गलियों और सड़कों की मरम्मत भी नहीं करवाई गई है। जलकल विभाग जोन-3 के एक्सईएन मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि नलकूप चालू न होने के कारणों की जानकारी ली जा रही है।

दीपक नगर में तीन दिन से पानी संकट : इंदिरा नगर स्थित दीपक नगर और अजय नगर समेत आसपास के इलाकों में बुधवार से पानी संकट जारी है। सेक्टर 8 स्थित नलकूप में आई तकनीकी खराबी से जलआपूर्ति प्रभावित है। स्थानीय निवासी संजीव त्रिवेदी ने बताया कि पानी संकट के चलते इलाके में दून वैली स्कूल के आसपास के कई लोग घर छोड़कर चले गए हैं। इस संबंध में जोन-7 एक्सईएन ओपी राम का कहना है कि अचानक से दो नलकूप में खराबी आ गई थी, शुक्रवार को एक नलकूप सही हो गया था, लेकिन तुरंत ही दूसरे नलकूप में खराबी आ गई। इस पर काम किया जा रहा है।