एलयू में BBA LLB कोर्स के लिए कल से शुरू होंगे आवेदन

नवभारतटाइम्स.कॉम
applications for bba llb course at lucknow university to start tomorrow clat score holders to get preference

nNBT न्यूज़, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय में विधि संकाय के तहत पहली बार शुरू हो रहे पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड 'B.B.A. LL.B' कोर्स में सोमवार से आवेदन शुरू होंगे। प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 10 जुलाई तय की गई है। प्रवक्ता मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पहले से पांच वर्षीय एलएलबी के लिए आवेदन कर चुके छात्रों को भी इस कोर्स के लिए अलग से फॉर्म भरना होगा।

तय हुई फीस और पात्रता की शर्तें : विश्वविद्यालय द्वारा इस पाठ्यक्रम के लिए कुल 180 सीटें तय की गई हैं। प्रति सेमेस्टर फीस 81,130 रुपये होगी, जबकि प्रवेश के समय कॉशन मनी और नामांकन शुल्क के रूप में 5,500 रुपये (एक बार) अलग से देय होंगे। आवेदन के लिए सामान्य वर्ग के लिए इंटरमीडिएट में न्यूनतम 45%, ओबीसी के लिए 42% और एससी/एसटी के लिए 40% अंक होना अनिवार्य है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 1,500 रुपये तथा एससी, एसटी व दिव्यांग श्रेणी के लिए 750 रुपये तय किया गया है।

क्लैट स्कोर वालों को तरजीह : प्रवेश प्रक्रिया में क्लैट परीक्षा में निर्धारित अंक लाने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। क्लैट में 50% (120 में से 60 अंक) पाने वाले सामान्य वर्ग और 45% (54 अंक) पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों का सीधा प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। उन्हें विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा (UGET) नहीं देनी होगी। शेष रिक्त सीटों को विश्वविद्यालय की अपनी स्नातक प्रवेश परीक्षा की मेरिट से भरा जाएगा।