nNBT न्यूज, लखनऊ : मसूड़ों की बीमारी ( पीरियोडोंटाइटिस ) केवल दांतों और मुंह के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हार्ट अटैक , डायबिटीज, फेफड़ों की बीमारी और स्लीप एपनिया जैसी गंभीर समस्याओं की वजह भी बन सकती है। यह चौंकाने वाला दावा KGMU और डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टरों के शोध में किया गया है। कैम्ब्रिज स्कॉलर्स पब्लिशिंग (UK) द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘पीरियोडॉन्टल डिजीजेज ऐंड ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया: पाथवेज, एविडेंस ऐंंड प्रैक्टिस’ में इन दोनों बीमारियों के वैज्ञानिक संबंधों और साझा जोखिमों का विश्लेषण किया गया है।
पुस्तक डॉ. नाजिया खातून, डॉ. पूजा सिंह, डॉ. अभया गुप्ता, डॉ. उमेश प्रताप वर्मा और लोहिया संस्थान के डॉ. अजय कुमार वर्मा ने लिखी है।
क्यों खतरनाक है मसूड़ों की बीमारी? : डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि मसूड़ों की बीमारी शरीर में लगातार सूजन की स्थिति पैदा करती है। यह सूजन आगे चलकर ब्लड सर्कुलेशन के जरिए हृदय रोग, मधुमेह, फेफड़ों की बीमारियों और स्लीप एपनिया जैसी गंभीर समस्याओं के जोखिम को कई गुना बढ़ा देती है। विशेषज्ञों का मानना है कि मुंह की सफाई को बेहतर रखकर कई बड़ी जानलेवा बीमारियों से बचा जा सकता है।

