n NBT रिपोर्ट, नोएडा
शहर में 13 अप्रैल को श्रमिक आंदोलन में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने अदालत में करीब 1500 पेज की चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस चार्जशीट में 77 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं, जो मामले में आरोपियों के खिलाफ गवाही देंगे। इनमें पुलिसकर्मी, कंपनी के कर्मचारी, प्रत्यक्षदर्शी और अन्य संबंधित लोग शामिल हैं। पुलिस ने मामले में चार नए नाम भी जोड़े हैं। पुलिस ने 10 लोगों को इस मामले का मुख्य आरोपी बनाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चार्जशीट में घटनाक्रम, सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजों को शामिल किया गया है। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर चार नए लोगों के नाम भी आरोपियों की सूची में जोड़े गए हैं। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर 10 लोगों की भूमिका सबसे अहम पाई गई, इसलिए उन्हें मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आदित्य आनंद, रुपेश रॉय, सत्यम वर्मा, हिमांशु ठाकुर, आकृति, सृष्टि गुप्ता, मनीषा चौधरी, भूपेंद्र, सतीश कुमार और मदुरेश राय को गिरफ्तार किया कर जेल भेजा है।

