n NBT फरीदाबाद
भाकरी गांव के जंगल क्षेत्र में शनिवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक घना धुआं दिखाई दिया, जिससे आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में चिंता फैल गई। कई घंटों तक धुएं का गुबार आसमान में छाया रहा और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर आग लगी, वहां लंबे समय से एक अस्थायी डंपिंग यार्ड बना हुआ है, जहां चोरी-छिपे कूड़ा डाला जाता है। आशंका जताई जा रही है कि कूड़े के ढेर में लगी आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया, जिसके चलते जंगल क्षेत्र का बड़ा हिस्सा धुएं की चपेट में आ गया।
ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने के बाद काफी देर तक धुआं उठता रहा, जो कई किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। धुएं के कारण आसपास के गांवों के लोगों के साथ-साथ मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। लोगों ने यह भी चिंता जताई कि आग वाले क्षेत्र के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरती है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार इसी स्थान पर आग लग चुकी है। उनका आरोप है कि जंगल क्षेत्र में लगातार अवैध रूप से कूड़ा फेंका जा रहा है, जिससे आग लगने का खतरा हमेशा बना रहता है। बावजूद इसके संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यह स्पष्ट करने की मांग की है कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जंगल क्षेत्र में अवैध डंपिंग पर सख्ती से रोक लगाने, नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


