NBT न्यूज,यमुनानगर
सीआइए की टीम पर डेहा बस्ती के लोगों द्वारा पत्थराव किए जाने के कुछ दिन बाद ही रादौर में स्थानीय व क्षेत्र के लोगों को शनिवार को बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। प्रशासन ने अवैध रूप से नगरपालिका की भूमि पर बसी बस्ती में बने 100 से अधिक अस्थायी घरो को भारी पुलिसबल की सहायता से तुडवाकर नगरपालिका की भूमि को दशकों बाद कब्जामुक्त करवाया। इसे हरियाणा में सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी बस्ती की महिलाओं ने पुलिस पर पथराव कर नशा तस्कर को पुलिस की कस्टडी से छुड़ाया था।
कृषि विभाग के एसडीओ आशु कांबोज को जिला उपायुक्त की ओर से कार्रवाई को लेकर डयूटी मैजिस्टे्रट नियुक्त किया गया था। नगरपालिका की ओर से अवैध कब्जे हटवाने के लिए 4 जेसीबी मशीने मंगवाई गई थी। जेसीबी मशीनो से अस्थायी कब्जो को तहस नहस कर दिया गया। थाना रादौर प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश राणा के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस कर्मचारी डयूटी पर तैनात किए गए थे। अवैध कब्जे हटवाने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया तो पुलिस ने उन्हें मौके से खदेड़ दिया। पुलिस ने बस्ती से गुजरने वाली सड़क को दोनो ओर से बंद किया हुआ था।
कब्जे हटाने के दौरान किसी को भी आसपास नहीं फटकने दिया। डेहा बस्ती वारदात के बाद अधिकतर लोग बस्ती अपने घरो को ताला लगाकर कई दिनों से फरार चल रहे है। बस्ती में स्थित अस्थायी घरों से सामान बाहर निकालने के लिए नगरपालिका के दारोगा और 50 से अधिक कर्मचारियों की टीम जुटी हुई थी।


