पानी-बिजली की समस्या लेकर पहुंचे बिल्डर आॅफिस

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad builder office gherao residents uproar over water electricity problems

n NBT न्यूज, फरीदाबाद : सेक्टर-88 स्थित एफ-ब्लॉक विलास के निवासियों ने लंबे समय से चली आ रहीं समस्याओं के खिलाफ सेक्टर-81 स्थित बीपीटीपी बिल्डर प्रबंधन कार्यालय का घेराव किया। लोगों ने पानी, बिजली, सड़क और नालियों से जुड़ी समस्याओं पर नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की। इस दौरान आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और निवासियों ने बीपीटीपी बिल्डर प्रबंधन अधिकारियों के सामने अपनी समस्याओं को रखा। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि बीपीटीपी बिल्डर प्रबंधन ने समस्या सुनकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।

लोगों का कहना है कि पिछले कई साल से मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। स्ट्रीट लाइट्स की मेंटिनेंस नहीं होने से समस्या झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा निवासियों ने सड़क की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई, पार्क विकास, मेन रोड पर साइनबोर्ड, रोड व कैम चार्ज के मुद्दों को बिल्डर प्रबंधन के सामने रखा गया। निवासी आरएस गर्ग ने बताया कि बीपीटीपी विलास में कई समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। यहां पानी, सड़क, बिजली जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। ऐसे में शनिवार को निवासियों ने एकजुट होकर बिल्डर प्रबंधन कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को मजबूती से रखा। बिल्डर प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि आने वाले हफ्ते में पानी की समस्या को पूरी तरह से हल कर लिया जाएगा। बाकी सभी स्ट्रीट लाइट्स के अगले हफ्ते तक चालू हो जाने की उम्मीद है। सड़क की मरम्मत का काम 30 जून तक पूरा करने का आश्वासन दिया है।