खेल परिसर में आज गूंजेगा योग का संदेश

नवभारतटाइम्स.कॉम
international yoga day message of yoga to resonate at faridabad sports complex preparations complete

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले जिला स्तरीय समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयुष विभाग, हरियाणा व हरियाणा योग आयोग के तत्वावधान में 21 जून को जिले में सुबह छह से आठ बजे तक योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह के दौरान सेक्टर-12 खेल परिसर में सुबह के समय बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र, सामाजिक संगठन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व योग साधक भाग लेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यमंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं, बीजेपी की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ़ अर्चना गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहेंगी। बल्लभगढ़ में कार्यक्रम में बड़खल के विधायक धनेश अदलखा व तिगांव विनधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी नेता टेकचंद शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।

शनिवार को जिला स्तरीय योग दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडल आयुक्त संजय जून व डीसी आयुष सिन्हा मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने योग क्रियाओं में हिस्सा लेने के साथ ही पौधरोपण भी किया।

मौके पर मंडल आयुक्त संजय जून ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने वाली कुछ शारीरिक मुद्राओं या आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवन पद्धति है जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा, वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली, बढ़ते तनाव व स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग का महत्व और बढ़ गया है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ व ऊर्जावान रहता है। इससे एकाग्रता, आत्मविश्वास तथा निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि होती है।

हथीन अनाज मंडी में मनाया जाएगा योग दिवस : उपमंडलस्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन हथीन अनाज मंडी में किया जाएगा। एसडीएम हरिराम ने बताया कि कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी शामिल होंगे।