n NBT न्यूज, नोएडा/ग्रेनो : जिले में आज राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड में है। तैयारी के लिए शनिवार को मॉकड्रिल भी की गई। जिले में बनाए गए 23 परीक्षा केंद्रों पर 11,302 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5 :15 बजे तक होगी। एग्जाम सेंटर में 1:30 बजे तक ही एंट्री दी जाएगी। नोएडा जोन में पांच, सेंट्रल नोएडा जोन में 11 और ग्रेनो जोन में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसीपी, एडीसीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे। केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनावश्यक भीड़ जुटाने पर रोक रहेगी।

