NBT न्यूज, रोहतक
जिले में महम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के ऑफिस पर शनिवार को फायरिंग की गई। इस मामले में पुलिस की आठ जांच टीम गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ले ली है। सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार दो युवक फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस का दावा है कि ी फायरिंग करने वाले युवकों को काबू कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात करीब एक बजे महम पुलिस स्टेशन के सामने स्थित विधायक बलराम दांगी के ऑफिस पर फायरिंग हुई थी। विधायक का ऑफिस पुलिस स्टेशन के सामने ही है, लेकिन फायरिंग के बारे में पता ही नहीं चला। ऑफिस का केयरटेकर संजय करीब 7 बजे पहुंचा तो देखा कि शीशे टूटे हुए है। उसने तुरंत विधायक बलराम दांगी को मोबाइल फोन पर कॉल कर सूचना दी। विधायक ने संजय से फोटो भेजने के लिए कहा। संजय ने विधायक को फोटो भेजे तो पता चला कि फायरिंग हुई है। इसके बाद विधायक ऑफिस आए तो देखा कि फायरिंग के कारण शीशे टूटे हुए हैं। एक गोली एल्युमिनियम के गेट में भी फंसी हुई थी, जबकि अन्य गोलियों से शीशे टूटे हुए थे। विधायक ने तुरंत ही एसपी गौरव राजपुरोहित को फायरिंग की सूचना दी।


