n NBT न्यूज़, ग्रेटर नोएडा
सेक्टर-3 के डी-ब्लॉक में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शनिवार सुबह करीब 8 बजे पाइपलाइन एक बार फिर उसी स्थान पर फट गई, जहां पहले मरम्मत हुई थी। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह में यह पांचवीं बार है जब मुख्य लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। इसके कारण घंटों जलापूर्ति बाधित रही और निवासियों के दैनिक कार्य प्रभावित हुए।
निवासी नीलम यादव ने बताया कि सालों पुरानी पाइपलाइन तेज प्रेशर झेलने में अक्षम है और बार-बार होने वाली लीकेज से लोग त्रस्त हो चुके हैं। निवासी देव राज तिवारी के अनुसार, जलापूर्ति बाधित होने के साथ-साथ सड़कों पर होने वाले जलभराव से दुर्घटनाओं और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। निवासियों का आरोप है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को बार-बार शिकायत के बावजूद केवल अस्थायी पैचवर्क किया जा रहा है, जबकि इस पूरे मार्ग पर नई पाइपलाइन बिछाने की सख्त जरूरत है। शनिवार दोपहर तक घरों में पानी न पहुंचने के कारण लोगों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। सेक्टरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्राधिकरण ने जल्द ही जर्जर पाइपलाइन को बदलने का स्थायी समाधान नहीं निकाला, तो वे विरोध प्रदर्शन को मजबूर होंगे।


