दो दिन में उखड़ गई "40 लाख से बनाई सड़क, दी शिकायत

नवभारतटाइम्स.कॉम
40 lakh road uprooted in two days villagers complain letter sent to pwd minister
n NBT न्यूज, नूंह

पुन्हाना खंड के जहटाना से रसूलपुर गांव तक लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से करीब 40 लाख रुपये से बनाई गई सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बनने के दो दिन बाद ही सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत लोक निर्माण मंत्री को भेजकर मामले की जांच करा कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि 20 जून को सड़क निर्माण पूरा हुआ था लेकिन दूसरे ही दिन सड़क की ऊपरी परत कई जगहों से निकलने लगी।
सड़क पर बिछाई सामग्री हाथ लगाने से उखड़ रही है। जहटाना गांव के सरपंच साबिर, पार्षद तौफिक, फजरूदीन, कमरूदीन, इल्यास, जाबिर सहित अन्य PWD मंत्री रणबीर सिंह गंगवा को शिकायत भेजी है। आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और विभागीय अधिकारियों ने निर्माण कार्य की उचित निगरानी नहीं की। ग्रामीणों ने सड़क की तकनीकी जांच कराए जाने की मांग की है। आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के चलते सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार किया गया है। मामले की जांच की जानी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

इधर, मामले को लेकर PWD के कार्यकारी अभियंता प्रदीप ने बताया कि मामले की जानकारी है। शिकायत के बाद सड़क निर्माण के कार्य को रिजेक्ट कर दिया है। विभाग की ओर से फिर सड़क बनाई जाएगी।