Foot Overbridges To Become Obstacles In Gurgaon Metro Expansion Will Be Removed Soon
मेट्रो कॉरिडोर की राह से जल्द हट सकेगी FOB की 'दीवार'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक प्रस्तावित मेट्रो विस्तार के पहले चरण के निर्माण कार्य के रास्ते में आ रहे दो फुट ओवरब्रिज (FOB) के जल्द हटने की उम्मीद है। गुड़गांव मेट्रो रेल लिमिटेड ( GMRL ) ने मामले में गुड़गांव मेट्रोपॉलिटन डिवेलपमेंट अथॉरिटी ( GMDA ) को दूसरी बार पत्र भेजकर इन्हें हटाने का आग्रह किया है। GMRL का कहना है कि दोनों FOB के हटते ही मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण आगे बढ़ेगा और परियोजना तय समयसीमा के अनुसार चल पाएगी।जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-37 और बसई तालाब के पास बने ये FOB प्रस्तावित ओल्ड गुड़गांव मेट्रो कॉरिडोर की लाइन में आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि GMDA ने लगभग तीन साल पहले उमंग भारद्वाज चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक जाने वाली मुख्य सड़क पर करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से इन फुट ओवरब्रिजों का निर्माण कराया था। अब यही एफओबी मेट्रो निर्माण की राह में बाधा बन गए हैं। FOB को हटाने को लेकर स्थानीय लोगों की राय भी ली गई है। लोगों का कहना है कि इनका अपयोग पूरी तरह बंद नहीं है, लेकिन इस्तेमाल करने वालों की संख्या सीमित है। स्थानीय निवासी सुंदर सिंह का कहना है कि FOB हटने से लोगों को कोई बड़ी परेशानी नहीं होगी। मेट्रो आ रही है तो इससे बेहतर सुविधा कुछ नहीं हो सकती। वहीं, स्थानीय निवासी हरबीर गिल का कहना है कि मेट्रो सेवा के बसई तक पहुंचने से लाखों लोगों को राहत मिलेगी और शहर के भीतर से लेकर दिल्ली-एनसीआर के अन्य शहरों तक आना-जाना सुगम हो जाएगा। उनका मानना है कि अगर ये दोनों FOB मेट्रो निर्माण में बाधा बन रहे हैं तो इन्हें जल्द हटाया जाना चाहिए।