खुले में रखी निर्माण सामग्री से बढ़ रहा प्रदूषण, कार्रवाई की मांग

नवभारतटाइम्स.कॉम
pollution rises on dwarka expressway due to open construction material demand for action
n NBT न्यूज, सेक्टर-102

द्वारका एक्सप्रेसवे एरिया में निर्माण, मलबे की डंपिंग, उड़ती धूल और अतिक्रमण को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि लगातार फैल रहा प्रदूषण अब स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। मंगलवार को सेक्टर-102 निवासी सुनील सरीन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए फोटो और विडियो शेयर कर मामला उठाया है।
उन्होंने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM), केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) और नगर निगम गुड़गांव से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने अतिक्रमण हटाने, धूल नियंत्रण और पर्यावरणीय मानकों के सख्ती से पालन की मांग की। निवासियों का दावा है कि इस संबंध में पहले भी संबंधित विभागों को शिकायत भेजी जा चुकी है। आरोप है कि निर्माण गतिविधियों और खुले में रखे गए बिल्डिंग मटेरियल के कारण लगातार धूल उड़ रही है। शिकायत के जवाब में कथित तौर पर सीमित स्तर की अस्थायी अनुमति की जानकारी दी गई, जबकि मौके पर गतिविधियां बड़े स्तर पर संचालित हो रही है।

सेक्टर- 102 बीपीटीपी एमस्टोरिया निवासी मोनिका अहलावत ने कहा कि आसपास कई सोसायटी है। जहां लोग धूल से परेशान हो रहे हैं। नई कंस्ट्रक्शन साइट्स पर खुले में रखा निर्माण सामग्री प्रदूषण फैला रही है। जिस ओर किसी का ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि खुले में पड़ा मलबा और उड़ती धूल बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। अब तक सीएम विंडो, डीसी ऑफिस समेत समीर एप पर भी शिकायत की जा चुकी है पर समाधान नहीं निकल रहा है। मामले की फोटो साझा करते हुए निवासियों ने नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है। साथ ही संयुक्त निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।