Horrific Fire In A Moving Car On Nh 9 Youth Saved Life By Jumping Fire Brigade Reached The Spot
NH-9 पर चलती कार में लगी आग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, हापुड़ : थाना पिलखुवा क्षेत्र के नैशनल हाइवे-9 पर एक चलती कार में आग लग गई। जिससे सवार युवक ने कूदकर जान बचाई। सूचना मिलते ही फायरबिग्रेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम टाटा इंडिगो नोएडा के एनटीपीसी से हापुड़ की ओर आ रही थी। जैसे ही कार पिलखुवा के डहूरी पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तो कार में अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर नोएडा निवासी शिवम ने कार से कूदकर जान बचाई। तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। जिससे सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। उधर, आग लगने से सड़क पर जाम लग गया। यातायात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में जुटे रहे। फायर आफिसर अजय शर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।