125 Lakh Get Homes Others Will Also Be Resolved Cm Yogis Big Announcement On Noida Builder buyer Dispute
'सवा लाख को मिला घर, बाकी का भी होगा हल'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n टीम NBT, नोएडा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नोएडा के सबसे संवेदनशील 'बिल्डर-बायर' विवाद पर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि साल 2017 में जब हमारी सरकार आई, तब नोएडा का सबसे बड़ा मुद्दा यही था। सरकार ने शासन स्तर से कमिटी बनाई और अथॉरिटी के सीईओ स्तर से हुए बेहतरीन प्रयासों के चलते सिर्फ एक साल में ही करीब सवा लाख लोगों को फ्लैट दिलाने का काम किया गया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि 3 लाख फ्लैट बायर्स के मसलों को हल करने के लिए 2017-18 में जो बड़े फैसले लिए गए थे, उसी कड़ी में आगे भी जो जरूरी होगा, शासन और अथॉरिटी स्तर पर वह कार्य कराया जाएगा। इस बड़े ऐलान के साथ ही मुख्यमंत्री ने शनिवार को नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में 17,501 करोड़ की औद्योगिक एवं विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने अपने इस महत्वपूर्ण दौरे की शुरुआत यमुना सिटी से की, जहां उन्होंने ₹15,023 करोड़ के भारी निवेश वाली इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं आने वाले समय में क्षेत्र के औद्योगिक विकास को एक नई और एक्सप्रेस रफ्तार देंगी।
यमुना सिटी के बाद मुख्यमंत्री नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने करीब ₹390 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुए नोएडा अथॉरिटी के नए और बेहद आधुनिक कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने नोएडा में ₹2,478 करोड़ के अन्य विकास कार्यों की भी सौगात दी।