Old Gurgaon Metro To Get Funding From Germany Kfw Evaluates Project Loan Hopes Rise
ओल्ड गुड़गांव मेट्रो प्रॉजेक्ट के लिए जर्मनी से फंड मिलने की उम्मीद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
ओल्ड गुड़गांव मेट्रो परियोजना के लिए जर्मनी से फंडिंग का रास्ता साफ होता दिख रहा है। जर्मनी के सरकारी विकास बैंक KFW के डेलीगेशन ने चार दिन तक प्रॉजेक्ट का विशेष मूल्यांकन करने के बाद गुड़गांव मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) के अधिकारियों के साथ 'मिनट्स ऑफ मीटिंग' (MoM) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसे प्रॉजेक्ट के लिए प्रस्तावित फाइनेंसियल आसिस्टैंस की प्रक्रिया में इसे एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। अब लोन स्वीकृति से जुड़ी औपचारिक प्रक्रियाएं आगे बढ़ेंगी। यह मेट्रो प्रॉजेक्ट शहर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सबसे अहम जरूरत मानी जा रही है। ऐसे में जर्मन फाइनेंसियल संस्थान का सकारात्मक रुख प्रॉजेक्ट की विश्वसनीयता और तैयारी पर भरोसे की मुहर माना जा रहा है। चार दिवसीय दौरे के दौरान KFW की टीम ने केवल अधिकारियों के साथ बैठकों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि परियोजना की जमीनी तैयारियों को भी विस्तार से परखा। प्रतिनिधिमंडल ने रैपिड मेट्रो और दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के साथ इंटरचेंज व्यवस्था का आकलन किया। टीम ने प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर, स्टेशन स्थलों, सेक्टर-33 में बनने वाले डिपो जैसे स्थानों का निरीक्षण कर निर्माण तैयारियों की समीक्षा की।
जर्मन डेलिगेशन ने गुड़गांव मेट्रो सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) के अधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन और लास्ट माइल कनेक्टिविटी पर भी विस्तार से चर्चा की। जोर इस बात पर रहा कि मेट्रो शुरू होने के बाद यात्रियों को स्टेशन से बस, ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सार्वजनिक परिवहन के बीच सहज और तेज कनेक्टिविटी मिले। GMRL के अनुसार प्रॉजेक्ट के सभी तकनीकी, वित्तीय और मोबिलाइजेशन पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मूल्यांकन प्रक्रिया का यह चरण पूरा होने के बाद अब आगे की वित्तीय प्रक्रिया तय समय के अनुसार आगे बढ़ने की उम्मीद है।