Sis Video Of Assaulting Woman In Adarsh Nagar Goes Viral Officer Line hazir
आदर्श नगर में महिलाओं से मारपीट का SI का विडियो वायरल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
नॉर्थ वेस्ट जिले के आदर्श नगर में एक होटल में महिलाओं के साथ एक एसआई ने मारपीट और दुर्व्यवहार की। उन्हें थप्पड़ मारे। मारपीट का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीनियर अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सब इंस्पेक्टर हिमांशु को लाइन हाजिर कर दिया। एसआई के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आदर्श नगर इलाके में स्थित होटल क्लाउड इन होटल, पंचवटी से पुलिस कार्रवाई का एक विडियो वायरल हुआ। घटना तीन दिन पुरानी है और विडियो में एक सब इंस्पेक्टर पुलिस कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। सूत्रों का कहना है कि देर रात होटल में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिसकर्मी ने एक महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में दो महिलाओं को थप्पड़ मार दिए।
वहीं, मामले में दूसरा पक्ष भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दूसरे पक्ष की एक महिला भी झड़प में घायल हुई है। फिलहाल आदर्श नगर थाना पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना में मौके पर मौजूद महिला पुलिस के भी बयान लिए गए हैं। हालांकि उनके खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।