Woman Attacked With Deadly Weapon For Refusing To Meet Accused Arrested
महिला पर बना रहा था मिलने का दबाव, मना करने पर किया जानलेवा हमला, अरेस्ट 
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
उद्योग विहार फेज-5 में महिला पर लोहे के धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी महिला को मिलने के लिए बुला रहा था, लेकिन महिला के बार-बार मना करने पर आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला किया। आरोपी शिव कुमार यूपी के मेरठ का रहने वाला है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का हथियार और बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, वारदात 20 जून की है, महिला के पति ने शिकायत दी थी कि उनकी पत्नी उद्योग विहार फेज-5 की एक कंपनी में काम करती हैं। जब वह ड्यूटी खत्म कर कंपनी के गेट से बाहर निकली, तभी आरोपी शिव कुमार ने लोहे के दाव से हमला कर दिया। सूचना पर उद्योग विहार थाना पुलिस पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। वारदात के दौरान आरोपी शिव कुमार के पैर में भी चोट लग गई थी। पुलिस से बचने के लिए वह रोहतक में इलाज करवा रहा था। उद्योग विहार थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर शुक्रवार को आरोपी को अस्पताल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिव कुमार उद्योग विहार एरिया में ही बिरयानी की दुकान चलाता है। साल 2024 में उसकी मुलाकात पीड़िता से हुई थी। आरोपी बार-बार महिला को फोन करके परेशान करता था और उस पर मिलने का दबाव बना रहा था। महिला के लगातार मना करने और दूरी बनाने से आरोपी गुस्से में था।