उधार की रकम न चुका पाने पर शख्स की पीट-पीट कर हत्या

नवभारतटाइम्स.कॉम
उधार की रकम न चुका पाने पर शख्स की पीट-पीट कर हत्या
nनवीन निश्चल, द्वारका

द्वारका जिले के भरत विहार इलाके में उधार की रकम न चुका पाने पर एक शख्स की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान उजेब ( 24) के रूप में की गई है, जो कैब चलाते थे। मां, भाई, गर्भवती पत्नी और 2 साल की बेटी के साथ वह भरत विहार में ही रहते थे। डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह ने बताया कि छावला थाना की पुलिस टीम ने मामला दर्ज करके दो आरोपियों को पकड़ा है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उजेब की मां रज्जा ने बताया कि 8,000 रुपये के लिए उनके बेटे की जान ले ली। उजेब ने कुछ दिनों पहले एक जानकार से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। जिसमें से 42,000 लौटा दिए थे, लेकिन बाकी बचे रुपयों के लिए विवाद शुरू हो गया।

गुरुवार की देर रात आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर छावला इलाके में जानलेवा हमला किया। शुक्रवार की सुबह घर के पास छोड़कर आरोपी चले गए।

मृतक की मौसी रूबी ने बताया कि आरोपियों ने उजेब की इतनी पिटाई की कि उसने हॉस्पिटल ले जाने के दौरान ही दम तोड़ दिया। यह भी आरोप है कि मृतक की मुंह बोली बहन के घर पर भी उसको लेकर गए थे। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई और फिर अधमरी हालत में सड़क किनारे छोड़कर चले गए। उन्होंने सुबह इसकी सूचना उजेब के परिवार वालों को दी। जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और अस्पताल ले गए।

परिजनों ने बताया कि उजेब घर में कमाने वाले प्रमुख सदस्य थे। उजेब की गर्भवती पत्नी की डिलिवरी की डेट शनिवार को ही थी। उनका हाल रो-रोकर बुरा हो चुका है। मृतक की मां ने सरकार से इंसाफ, आर्थिक मदद और परिवार के भरण-पोषण के लिए मदद की मांग की है। उधर, पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

रेकमेंडेड खबरें