केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हरियाणा के आईएएस अधिकारी की तलाश में लगातार छापे मारे। शुक्रवार रात व शनिवार को भी सीबीआई की टीमों ने गुरुग्राम, चंडीगढ़ और पंचकूला में दबिश दी लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बैंक घोटाले में सीबीआई आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार को तलाश रही है। आईएएस प्रदीप कुमार पिछले दो दिन से फरार हैं। उन्होंने पंचकूला की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। इस पर दो जुलाई को सुनवाई होगी। पंचकूला में जिला कोर्ट ने CBI को नोटिस जारी कर 2 जुलाई तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। बैंक घोटाले में गिरफ्तार किए गए आईएएस पंकज अग्रवाल तथा आर के सिंह अभी न्यायिक हिरासत में हैं।
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और स्मॉल फाइनेंस बैंक के अधिकारियों पर कथित तौर पर हरियाणा सरकार के कर्मचारियों, जिनमें आईएएस ऑफिसर भी शामिल हैं, के साथ मिलकर हरियाणा के आठ विभागों और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के दो विभागों से पैसे निकालने के आरोप हैं।
आईएएस प्रदीप कुमार 31 अगस्त, 2022 से 10 दिसंबर, 2025 तक स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मेंबर सेक्रेटरी रहे हैं।