फोन हैक कर उड़ा दी रकम, पीड़ित को पता तक नहीं चला

नवभारतटाइम्स.कॉम
phone hacked lakhs of rupees stolen cyber thugs terror continues
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

साइबर अपराधियों ने अलग-अलग इलाकों में दो लोगों को अपना शिकार बनाया और उनके खातों से कुल 6 लाख 33 हजार 999 रुपये उड़ा लिए। पहली घटना एनआईटी क्षेत्र की है, जहां एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर लाखों रुपये की चपत लगाई गई। दूसरी घटना बल्लभगढ़ की है, जहां ऑनलाइन खरीदे गए जूतों के रिफंड के नाम पर युवक से धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज लिया है।
एसी नगर निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 मई को अज्ञात साइबर अपराध ी ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने मुबारक खान के एचडीएफसी बैंक के यूपीआई क्रेडिट कार्ड को निशाना बनाया और कई ट्रांजेक्शन किए। आरोपियों ने इस कार्ड से कुल 5 लाख 30,000 हजार रुपये पार कर दिए। इसके बाद भी ठग नहीं रुके और उन्होंने पीड़ित के ICICI बैंक खाते से भी 5,000 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित को 5 लाख 35 हजार रुपये का चूना लगाया गया। दूसरा मामला साइबर अपराध पुलिस स्टेशन सेक्टर-8 का है। सेक्टर-7 सी निवासी ने ऑनलाइन शॉपिंग के चक्कर में अपनी गाढ़ी कमाई गंवा दी। पीड़ित ने 24 मई 2026 को टेन एक्स यू नामक वेबसाइट से जूते ऑर्डर किए थे। जूते का साइज बड़ा होने के कारण उन्होंने इसे बदलने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर तलाशा। उन्हें एक नंबर मिला, जब उन्होंने फोन किया तो साइबर ठग ने उन्हें वॉट्सऐप कॉल करने को कहा। वॉट्सऐप कॉल के दौरान ठग ने कहा जूतों का पूरा पैसा वापस आ जाएगा। इसके बाद ठग ने ट्रांजेक्शन फेल होने का बहाना बनाया और शिकायतकर्ता को अपना फोन कुछ देर के लिए बंद करने को कहा। जब शिकायतकर्ता ने फोन चालू किया तो उनके खाते से 98 हजार 999 रुपये कटने के मेसेज आए।