युवक पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास और हवाई फायरिंग में 2 गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad attempt to run over youth with car and aerial firing 2 arrested
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : अपराध शाखा AVTS भूपानी की टीम ने थाना तिगांव क्षेत्र में युवक पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास , गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा हवाई फायरिंग करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान भविष्य उर्फ भोला निवासी गांव भुआपुर, फरीदाबाद तथा लक्ष्य उर्फ लक्की निवासी गांव मुरतजापुर, जिला गाजियाबाद हाल निवासी तिगांव के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव भुआपुर निवासी रविंद्र की शिकायत पर थाना तिगांव में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 7 जून 2026 की शाम करीब 8 बजे एक कार में सवार कुछ युवक उनके घर के बाहर तेज रफ्तार से चक्कर लगा रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की तथा उनके भतीजे पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। उसी रात भविष्य, राहुल उर्फ दौला, नवनीत, लक्ष्य तथा अन्य साथी दोबारा शिकायतकर्ता के घर के बाहर पहुंचे, जहां उन्होंने गाली-गलौज की और हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भविष्य अपने एक परिचित की कार लेकर साथियों के साथ क्षेत्र में हुड़दंग कर रहा था। विरोध करने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया और जिसके चलते उसने गाड़ी से शिकायकर्ता के परिवार के सदस्य को चोट पहुंचाने की कोशिश भी की थी। फिर भविष्य, अपने साथी लक्ष्य व अन्य के साथ देर रात शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और हवाई फायरिंग की। भविष्य उर्फ भोला को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि सह-आरोपी लक्ष्य उर्फ लक्की को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।