Instructions To Prevent Waterlogging Before Monsoon Minister Rajesh Nagar Inspects With Officials
‘मॉनसून के दौरान न हो जलभराव’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT न्यूज, फरीदाबाद
मंत्री राजेश नागर ने मानसून को देखते हुए शहर में जलजमाव की समस्या तथा बिजली संसाधनों को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम, एफएमडीए ,बिजली निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए समय रहते सभी काम पूरे करने को कहा। मंत्री ने कहा कि माॅनसून के दौरान जलभराव की समस्या आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान करें और वहां जलनिकासी की व्यवस्था तय करें। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाले और सीवर लाइनों की सफाई का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि बारिश का पानी बिना किसी बाधा के निकल सके। निरीक्षण के दौरान मंत्री राजेश नागर ने पुरी प्राणायाम के आसपास के क्षेत्र का भी दौरा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में जल निकासी, सड़कों की स्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यक हो, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं ताकि बारिश के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।