Do Not Ignore Bleeding After Menopause It Can Be A Sign Of Endometrial Cancer
मेनोपॉज के बाद ब्लीडिंग हो, तो न करें नजरअंदाज
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ : महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे एंडोमेट्रियल (गर्भाशय की अंदरूनी परत) कैंसर को लेकर जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। शनिवार को कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में ' एंडोमेट्रियल कैंसर अवेयरनेस मंथ' के तहत आयोजित बैठक में विशेषज्ञों ने यह बात कही। डॉक्टरों के मुताबिक, शुरुआती लक्षणों को पहचानकर अगर समय पर इलाज शुरू किया जाए, तो इस बीमारी पर प्रभावी ढंग से काबू पाकर मरीज को पूरी तरह स्वस्थ किया जा सकता है।
असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव (Abnormal Uterine Bleeding), खासकर मेनोपॉज के बाद ब्लीडिंग होना इस बीमारी का सबसे अहम संकेत हो सकता है। ऐसे लक्षण दिखने पर बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। संस्थान की स्त्री एवं स्त्रीरोग कैंसर विभागाध्यक्ष प्रो. सबूही कुरैशी ने बताया कि एंडोमेट्रियल कैंसर का समय पर पता चलने से सफल इलाज की संभावना काफी बढ़ जाती है।आधुनिक सर्जरी और नई दवाओं से बेहतर नतीजे
जागरूकता से बचाव: 'आइए एंडोमेट्रियल कैंसर को जानें' विषय पर डॉ. रूमिता सिंह ने कहा कि सजगता से महिलाएं बीमारी को शुरुआती स्टेज में ही पकड़ सकती हैं।
नई तकनीक: डॉ. सौम्या गुप्ता ने बताया कि अब आधुनिक सर्जरी, नई दवाओं और एडवांस्ड ट्रीटमेंट पद्धतियों से मरीजों को पहले के मुकाबले काफी बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।
अडवांस्ड स्टेज में भी उम्मीद: डॉ. अभिषेक तिवारी ने क्लिनिकल ट्रायल का हवाला देते हुए कहा कि नई दवाओं और शोध के चलते एडवांस्ड स्टेज के मरीजों के इलाज में भी अच्छी सफलता मिल रही है और उनकी लाइफ क्वॉलिटी सुधर रही है।