Elderly Man Scammed Of 43 Lakhs In Cyber Fraud Lost Money To Share Trading Lure
बुज़ुर्ग से 43.13 लाख रुपये का साइबर फ्रॉड
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर कई गुना मुनाफे का लालच देकर साइबर जालसाजों ने एक बुजुर्ग को अपने जाल में फंसा लिया और उनसे 43.13 लाख रुपये ठग लिए। साइबर जालसाजों ने पीड़ित को यूके और अफ्रीका की कंपनी में निवेश के नाम पर झांसा दिया था। इसके बाद एक लिंक भेजकर उनका डीमैट अकाउंट बना कर रुपये निवेश कराए। जब अकाउंट का बैलेंस शून्य हो गया, तो साइबर जालसाजों ने घाटे से उबरने की बात कहकर और रुपयों की मांग की। पीड़ित के इनकार करने पर आरोपितों ने क्रेडिट मनी एग्रीमेंट के नाम से रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सोशल मीडिया पर जालसाज ने किया था संपर्क: सरोजनीनगर के हिंदनगर निवासी बुजुर्ग नवेंद्र कुमार का बैंक खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की आलमबाग शाखा और पंजाब नेशनल बैंक की फिनिक्स मॉल शाखा में है। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया के जरिए एक साइबर जालसाज ने उनसे संपर्क किया था। जालसाज ने उन्हें भरोसे में लेने के लिए 'ग्लोबिनॉक डॉट कॉम ट्रेड लक्स' और 'बीएक्सबी मार्केट' में ट्रेडिंग करने की बात कही थी।डीमैट अकाउंट में बैलेंस शून्य होने पर खुला राज: शातिरों ने उनका एक डीमैट अकाउंट बनवाया। इसके बाद पीड़ित नवेंद्र कुमार ने साइबर जालसाजों के दिए गए विभिन्न बैंक खातों में 43,13,454 रुपये का निवेश कर दिया। शुरुआत में निवेश पर उन्हें स्क्रीन पर लाभ दिखाया गया। कुछ दिनों के बाद डीमैट अकाउंट में बैलेंस शून्य हो गया।
क्रेडिट मनी एग्रीमेंट को ढाल बनाकर दी धमकी: अकाउंट खाली देख जब पीड़ित ने जालसाज से संपर्क किया, तो उसने कहा कि घाटे से उबरने के लिए और ज्यादा निवेश करना होगा। जब पीड़ित नवेंद्र कुमार ने और रुपये देने से साफ इनकार कर दिया, तो साइबर जालसाज ने 'क्रेडिट मनी एग्रीमेंट' को ढाल बनाकर पीड़ित को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित ने अपने स्तर से छानबीन की। ठगी का अहसास होने पर शनिवार को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज करवाई।