महिला से चेन लूटने वाला गिरफ्तार, साथी की तलाश

नवभारतटाइम्स.कॉम
lucknow chain snatcher arrested search for accomplice continues
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: इंदिरानगर इलाके में महिला से चेन लूट के मामले में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने अपने एक साथी के साथ मिलकर इंदिरा नगर इलाके में एक महिला के गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली थी। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूटी हुई चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर बाइक बरामद की है। इसके दूसरे साथी की तलाश है।

इंदिरा नगर के ए-ब्लॉक इलाके की मीनाक्षी श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से चेन खींच ली। शुक्रवार को गाजीपुर पुलिस की टीम पॉलिटेक्निक चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चेन स्नेचिंग की वारदात करने वाला एक बदमाश पल्सर बाइक के साथ फैजाबाद रोड पर पिंक बूथ के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेरा तो उसने बाइक से भागने की कोशिश की लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से मीनाक्षी से लूटी गई चेन बरामद हुई, जिसे वह बेच नहीं पाया था। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 19 जून की शाम करीब 7 बजे उसने और उसके साथी महेंद्र कुमार ने मानसरोवर चौराहे के पास दो बच्चों के साथ टहल रही महिला के गले से चेन झपटी थी।
आरोपित पर दर्ज हैं कई मुकदमे: गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान रोहन खान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बाराबंकी के ग्राम अहमदपुर देव गली का रहने वाला है। वर्तमान में कैंट इलाके में रह रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि रोहन खान का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ लखनऊ के कैंट थाने, बाराबंकी के जैदपुर थाने और उत्तराखंड के हल्द्वानी में भी केस दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाश महेंद्र कुमार की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।