हॉस्टल की पांचवी मंज़िल से संदिग्ध हालात में गिरा छात्र, मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
हॉस्टल की पांचवी मंज़िल से संदिग्ध हालात में गिरा छात्र, मौत
n NBT न्यूज, बंथरा: बंथरा में शुक्रवार देर रात एक निजी डिफेंस कोचिंग के हॉस्टल की पांचवी मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरने से कक्षा 12 के छात्र की मौत हो गई। परिवारीजनों ने मामले में साजिश की आशंका व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक हाथरस के मुल्तान गेट के रहने वाले हरीश शर्मा का बेटा रोहित शर्मा (16) बंथरा के सुल्तान फाउंडेशन परिसर स्थित छात्रावास के फर्स्ट फ्लोर में रहकर यहीं के टारगेट डिफेंस अकैडमी कोचिंग में एनडीए की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे रोहित संदिग्ध हालत में हॉस्टल की पांचवी मंजिल से गिर गया। उसे अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रोहित के पिता हरीश शर्मा कासगंज स्थित विकास भवन में सहायक लेखा अधिकारी पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब 10:15 बजे रोहित के दोस्तों ने सूचना दी। कुछ देर बाद फोन आया कि अस्पताल में उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को बेटे से बात हुई थी। 1 जुलाई को उसका जन्मदिन भी था। जिसको लेकर वह अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी मनाने का प्लान बताते हुए कुछ रुपयों की मांग की थी। तब उन्होंने उसे 500 रुपये ऑनलाइन भेज दिए थे और उसके बर्थडे से पहले कुछ और रुपये भेजने को कहा था।