UP ने की शानदार शुरुआत

नवभारतटाइम्स.कॉम
tennis tournament up players make a grand start win in qualifying round
nNBT न्यूज, लखनऊ : लखनऊ के अलीगंज स्थित उन्नाद टेनिस अकादमी में शनिवार से शुरू हुए आइटा मेंस प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट के क्वॉलिफाइंग राउंड में पहले दिन उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की। शौर्य सिंह, गुलबीर सिंह तोमर, अक्षित कौशिक, आरव भास्कर, विराट पटेल, सानिध्य धर द्विवेदी, सौरभ कुमार सिंह और अमन गौरव ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में जगह बना ली।

सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक में सानिध्य धर द्विवेदी ने सात्विक गुप्ता को 9-6 से हराया। वहीं शौर्य सिंह ने हर्ष भदौरिया को 9-5 से मात दी। गुलबीर सिंह तोमर ने अमन यादव को 9-2, अक्षित कौशिक ने अनिरुद्ध कुमार को 9-3, आरव भास्कर ने कर्नाटक के अभय भारद्वाज को 9-4 और विराट पटेल ने बिहार के अभिषेक सिंह को 9-2 से हराया। सौरभ कुमार सिंह और अमन गौरव ने अपने-अपने मुकाबले 9-0 से जीतकर शानदार शुरुआत की।
अन्य मुकाबलों में हरियाणा के निशांत कुमार, चंडीगढ़ के अजान अजीज, दिल्ली के कनिष्क पाल, गुजरात के देव, महाराष्ट्र के फतेहयाब सिंह, बिहार के अमन सिंह, तेलंगाना के देवहर्षित और शशांक ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। क्वॉलिफाइंग राउंड तीन चरणों में खेले जाएंगे। इसके बाद 16 खिलाड़ी मुख्य ड्रॉ में पहुंचेंगे। मुख्य ड्रॉ के मुकाबले 29 जून से शुरू होंगे, जिसमें 64 खिलाड़ी खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगे।