Elderly Person Dragged 2 Km In Car Died Heart wrenching Incident In Lucknow
कार में फंसे बुज़ुर्ग को दो किमी तक घसीट ले गया चालक, मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ: महिगवां इलाके में रविवार रात हादसे के बाद सड़क पर गिरे 50 वर्षीय नंदलाल गौतम एक तेज रफ्तार कार में फंस कर गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक उन्हें करीब दो किलोमीटर तक घसीटता रहा। गंभीर हालत में उन्हें ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष महिगवां राधेश्याम मौर्य ने बताया कि मिश्रीपुर निवासी नंदलाल रविवार रात बकरी चराने के बाद घर लौट रहे थे। करीब सवा आठ बजे भैंसामऊ कुम्हरावां मार्ग पर बांके नगर चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से वह घायल होकर सड़क पर गिर गए। इस दौरान तेज रफ्तार डिजायर कार (UP78CM5179) नंदलाल के ऊपर चढ़ गई। इससे नंदलाल का कपड़ा गाड़ी के नीचे फंस गया। चालक वाहन रोकने के बजाय और तेज भगाने लगा। नंदलाल को कार के नीचे फंसा देख राहगीरों ने शोर मचाते हुए पुलिस को सूचना दी। करीब दो किलोमीटर बाद जब कपड़ा फटा तो नंदलाल कार से अलग हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया। जहां उनकी मौत हो गई। सोमवार को परिवारीजनों ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।