n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
लखनऊ-हरदोई रोड स्थित दुबग्गा चौराहे पर जाम से निजात दिलाने के लिए तीन लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इस पर 305.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 1,811.72 मी लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण 18 महीने में पूरा करना होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लोकभवन में हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। कैबिनेट में 35 प्रस्तावों पर मुहर लगी।
फ्लाईओवर कानपुर बाईपास से शुरू होकर दुबग्गा चौराहे के ऊपर से गुजरते हुए IIM रोड तक जाएगा। इसका निर्माण होने के बाद दुबग्गा चौराहे से हरदोई, सीतापुर, मलिहाबाद, आगरा एक्सप्रेसवे और बालागंज से आने-जाने वालों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
1,435 करोड़ में बनेगा कन्वेंशन सेंटर : वृंदावन योजना में प्रस्तावित इंटरनैशनल एक्जिबीशन कम कन्वेंशन सेंटर अब 1435.25 करोड़ रुपये में बनेगा। कैबिनेट ने लागत में करीब 138 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। यहां 10 हजार लोगों की क्षमता का कन्वेंशन हॉल, 2500 की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। सुरक्षा मानकों एवं सुविधाओं के साथ 5000 व्यक्तियों के भोजन व जलपान की भी सुविधा होगी। पास में फाइव स्टार और बजट होटल विकसित किए जाएंगे। एक अन्य फैसले में रोशन-उद-दौला भवन और छतर मंजिल को ‘एडाप्टिव रि-यूज’ के तहत (पीपीपी) मॉडल पर विकसित करने पर भी सहमति दी गई है। इसके लिए छतर मंजिल की 1,096.84 वर्ग मीटर और रोशन-उद-दौला भवन की 4141.91 वर्ग मीटर जमीन पर्यटन विभाग को नि:शुल्क दी जाएगी।
8अन्य फैसले : पेेज 2


