जहां चाहा गिरा दिया कूड़ा, लगा दी तीली

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ नगर निगम की लापरवाही से शहर की हवा जहरीली हो रही है। आई.आई.एम. रोड और पक्का पुल के पास कूड़े के ढेर में आग लगाई जा रही है। इससे इलाके में धुआं और दुर्गंध फैल रही है। गोमती नदी भी प्रदूषित हो रही है। नगर निगम के अधिकारी इस मामले से अनजान बने हुए हैं।

lucknows gross negligence in waste management garbage being burned in open air becomes toxic

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

नगर निगम की ओर से कूड़ा प्रबंधन में बरती जा रही लापरवाही शहर की हवा को गंभीर रूप से जहरीला बना रही है। IIM रोड पर नियमों को ताक पर रखकर नया कूड़ा डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया है, जहां खुलेआम कूड़ा जलाया जा रहा है। ऐसा ही हाल शहर के दूसरे इलाकों का भी है, जहां कूड़े के ढेर में आग लगाकर उसका ‘निस्तारण’ किया जा रहा है। वहीं, नगर निगम के अफसर इससे खुद को अंजान बता रहे हैं।

नगर निगम की उदासीनता अब लोगों की सांसों पर भारी पड़ने लगी है। IIM रोड स्थित लोखरिया के पास ड्रम फैक्ट्री सर्विस लेन पर कूड़ा डंपिंग जोन खाली प्लॉट पर बन गया है। यहां रोजाना करीब 500 मीट्रिक टन कूड़ा नगर निगम के डंपर से गिराया जाता है। इसके बाद तड़के कूड़े में आग लगा दी जाती है। बीते छह महीने से ऐसा किया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध और धुआं फैला रहता है।

पक्का पुल के पास

भी कूड़े में आग

IIM रोड के अलावा पक्का पुल के पास गोमती नदी किनारे भी नया अघोषित डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब एक किलोमीटर तक सड़क और नदी किनारे कूड़ा फैला है। यही नहीं, कूड़ा उठाने की जगह इसमें आग लगाई जा रही है। जब कूड़े का ढेर ज्यादा हो जाता है, तो उसे जेसीबी से गोमती की ओर धकेल दिया जाता है। ऐसे में गोमती नदी को भी प्रदूषित किया जा रहा है।